नारनौल। भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत चौबे को नारनौल मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया है। शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हेमंत चौबे का स्वागत किया।
पूर्व में भाजपा के जिला सह-प्रवक्ता और मंडल महामंत्री रह चुके हेमंत चौबे बजरंग दल के जिला संयोजक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। पार्टी में लंबे समय से सक्रिय चौबे ने विभिन्न पदों पर रहते हुए अनेक सफल कार्यक्रमों का संचालन किया है। उनके समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और युवा नेतृत्व को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी दी है।
जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव ने बताया कि हेमंत चौबे की संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यशैली पार्टी के लिए प्रेरणादायक रही है। वहीं, नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष हेमंत चौबे ने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव और प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट राकेश शर्मा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।