महात्मा गांधी और लाल भारत शास्त्री की जयंती पर स्वाभिमान व जिला पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सिगड़ा ले शिव मंदिर में 5 दिवसीय नि:शुल्क योग विज्ञान एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच सुभाषचंद ने दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद शिविर के संचालक जिला योग प्रचारक निलेश ने प्राणायाम, भस्त्रिका, कपालभांति, बाह्य प्राणायाम की जानकारी दी।
इस अवसर पर निलेश ने योगसाधकों से कहा कि महात्मा गांधीजी ने आजीवन स्वास्थ्य के क्षेत्र में योग, आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा को अधिकतम प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने जीवन में कृत्रिमता को न्यूनतम तथा प्राकृतिक जीवन को अधिकाधिक अपनाने का आग्रह विश्व के सामने रखा। योगसत्र के दौरान अग्निसार क्रिया, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उद्गीथ व प्रणव आदि प्राणायामों का अभ्यास किया गया। साथ ही योगिक जॉगिंग के 12 व्यायामों के साथ साथ विभिन्न रोगों में लाभकारी मुद्राओं जैसे ज्ञानमुद्रा शून्यमुद्रा पृथ्वीमुद्रा वरुणमुद्रा वायुमुद्रा प्राणमुद्रा अपानमुद्रा महामुद्रा आदि के बारे में भी जानकारी दी गई।