संवाद न्यूज एजेंसी
महेद्रगढ़/कनीना। स्वास्थ्य विभाग में जियो फेंसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करने के आदेश को अव्यवहारिक बताते हुए सोमवार को विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की तालमेल कमेटी के सदस्यों महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव के निवास पर पहुंचे।
विधायक के बाहर होने पर उनके पुत्र राहुल यादव को ज्ञापन सौपा। वहीं दूसरी ओर उपमंडल के गांव सीहोर में आयोजित जन सभा में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को ज्ञापन सौंपा।
जिला प्रधान धर्मबीर यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में जियो फेसिंग आधारित उपस्थिति दर्ज करने के आदेश को अव्यवहारिक व असंवैधानिक बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि सरकार यह गैर कानूनी आदेश को वापिस ले।
स्वास्थ्य मंत्री ने तालमेल कमेटी को आश्वासन दिया कि इस बारे मुख्यमंंत्री एवं अधिकारियों से बातचीत करके उचित समाधान निकलवाया जाएगा।
किसी के साथ भी अन्याय नही होने दिया जाएगा। पूर्व राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश चैहान, जिला सचिव सुमित्रा देवी ने बताया कि राज्य कमेटी के आह्वान पर राज्य के सभी विधायकों को ज्ञापन देने के बावजूद भी सरकार की ओर से जियो फेंसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करने के आदेशों को वापिस नही लिया गया तो 28 अगस्त को राज्य के सभी सिविल सर्जन कार्यालय तथा जिला नागरिक अस्पताल के सम्मुख 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे।
इस मौके पर जिला उप प्रधान विजय कुमार, रणसिंह मालड़ा, पुष्पा, दिनेश शर्मा, वेदपाल, अनूप सिंह, प्रदीप कुमार, राजबीर, महेश कुमार, विजय सिंह,लक्ष्मण, रामपाल, विष्णु, अजित कुमार, अनुराज, राकेश,भूपसिंह, विलय जोरासी, अजय कुमार, बिजेंद्र, भूपेंद्र मौजूद रहे।