बदलते मौसम और बारिश के कारण हुए जलभराव के कारण मच्छर जनित बीमारियों और वायरल ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सामान्य अस्पताल में वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही मलेरिया के रोगी भी आने शुरू हो गए हैं। अस्पताल में बुखार से पीड़ित लोगों की संख्या जहां पहले 50 से 70 के बीच रहती थी, वहीं यह आंकड़ा बढ़कर अब तीन गुना 180 से 200 के बीच हो गया है।
इस आंकड़े से स्पष्ट होता है कि पूरा क्षेत्र वायरल की चपेट में है। यह आंकड़ा केवल सामान्य अस्पताल का है। शहर और आसपास के निजी अस्पतालों में भी वायरल पीड़ितों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। अस्पताल प्रशासन ने इसके मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर पूरी तैयारी कर रखी है। मलेरिया संभावित मामलों की ब्लड स्लाइड भी बनाई जा रही है।
सामने आया पहला मलेरिया पॉजिटिव
अब तक मलेरिया के प्रकोप से शहर के लोग बचे थे। अब मलेरिया ने भी शहर में अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सोमवार को शहर में फोगिंग भी करवाई गई थी। लगातार हो रही बारिश की वजह से शहर के काफी हिस्सों में जलभराव के हालात बने हैं। इस वजह से मच्छर पनपने लगे हैं। बुधवार को सामान्य अस्पताल में गोशाला रोड निवासी कमलेश ने बुखार होने पर जब टेस्ट करवाया तो मलेरिया पॉजिटिव आया। चिकित्सकों ने उसे तुरंत अस्पताल में दाखिल कर लिया गया है।
मलेरिया के लक्षण
अचानक कंपकंपी से साथ तेज बुखार आना, रोगी के सिर में बहुत तेज दर्द होना।
रोगी को पसीना भी बहुत आता है। एक दिन छोड़कर या हर चौथे दिन बुखार का चढ़ जाना।
हर मरीज की बनाई जा रही हैं ब्लड स्लाइड
मलेरिया की आशंका के चलते बुखार से पीड़ित प्रत्येक मरीज की ब्लड स्लाइड बनाई जा रही है। कोई पॉजिटिव सामने आता है तो उसका तुरंत प्रभाव से इलाज शुरू किया जा सके। चिकित्सकों के अनुसार अगर किसी को बुखार आता है तो उसे 14 दिन का कोर्स करना चाहिए क्योंकि इसके बाद ही दोबारा बुखार आने के चांस कम होते हैं।
वायरल में ये रखें सावधानियां
वायरल होने पर भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से परहेज करें। बुखार के दौरान अगर छींक आए तो हमेशा कपड़ा पास रखें। साफ और अधिक मात्रा में पानी पीएं। डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी दवाई का सेवन नहीं करें।
कोट
इन दिनों वायरल के मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। ऐसे में लोगों को सावधानियां बरतने की जरूरत है। बुधवार को शहर से एक मलेरिया पॉजिटिव केस भी सामने आया है। पूरी एहतियात बरती जा रही है, मलेरिया को शहर में नहीं फैलने दिया जाएगा। - डॉ. प्रदीप यादव, वरिष्ठ चिकित्सक