कनीना। राजकीय माध्यमिक विद्यालय कैमला में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए डॉ. हितेश अरोड़ा के नेतृत्व में चिकित्सा दल विद्यालय पहुंचा। टीम ने सभी विद्यार्थियों का हाइट, वेट, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, आंख, नाक, गला आदि की संपूर्ण जांच की।
प्रत्येक छात्र को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। डॉ. हितेश अरोड़ा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। हमें सुबह सूर्योदय से पहले उठकर योग करना चाहिए ताकि शरीर, मन और मस्तिष्क स्वस्थ रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को फास्ट फूड से दूर रहने, पौष्टिक आहार लेने तथा दूध का नियमित सेवन करने की सलाह दी।
विद्यालय के मौलिक मुख्याध्यापक वीरेंद्र सिंह जांगिड़ ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग समय-समय पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच करवा रहे हैं। जिससे देश का भविष्य स्वस्थ और आत्मनिर्भर बन सके। इस अवसर पर मनवीर सिंह तंवर, सुनील कुमार शास्त्री, देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार, राजेश कुमार, भगत सिंह, गरिमा रानी, सूबे सिंह, तारामणि देवी, पिंकी देवी, बबली देवी मौजूद रही।