नारनौल। राजकीय विद्यालय माध्यमिक विद्यालय जैलाफ में प्राचार्य लोकेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सभी स्वयंसेवकों व छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई।
इसमें रक्तदान, बोलने, सुनने व देखने की क्षमता की जांच, हीमोग्लोबिन, एनीमिया, विटामिन की कमी, सामान्य बीमारियों और त्वचा तथा दांतों की जांच की गई। डॉक्टर जिले सिंह ने बताया कि बच्चों में हीमोग्लोबिन की कमी चिंता का विषय है। बच्चों में विटामिन ए की कमी से देखने की क्षमता कम हो रही है।
गलत खानपान के कारण स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। प्रवक्ता राकेश ने कहा कि बच्चों को बीमारियों से बचने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देना चाहिए। इंचार्ज धर्म सिंह ने कहा कि बच्चों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्य योजनाओं का ज्ञान होना चाहिए। उनको समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाते रहना चाहिए।
उन्होंने पूरी स्वास्थ्य टीम का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. होशियार सिंह, दयानंद, डॉ. महताब, सुरेंद्र, सुनील, मनोज, सुमेर सिंह, मलखान ,सुमन, शर्मिला, दीपिका, अनिल, प्रदीप, गजराज आदि उपस्थित थे।