प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत अब लोगों के गोल्डन कार्ड कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर भी बनाए जाएंगे। इसके लिए करीब 150 सीएससी सेंटरों को अनुमति दी गई है। जबकि, अन्य सेंटरों को स्वीकृति देेने का काम चल रहा है। ऐसे में अब आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए नारनौल व महेंद्रगढ़ अस्पताल आने की जरूरत नहीं होगी। जिले में कुल 2,08,158 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाएं जाने हैं। इसमें अभी तक करीब 50 हजार लोगों के गोल्डन कार्ड बने हैं।
बता दें कि पिछले साल 23 सितंबर को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का जिला नागरिक अस्पताल नारनौल से शुभारंभ हुआ था। इस योजना में साल 2011 में हुए सामाजिक आर्थिक आंकड़े को आधार मानकर लाभार्थियों की सूची बनाई गई थी। इसमें जिले में 45800 हजार परिवार लाभ पात्र हैं। शहरी क्षेत्र में करीब आठ हजार हैं। योजना के तहत 1350 पैकेज का निर्धारण किया गया है। इसमें शामिल व्यक्ति को पांच लाख रुपये का बीमा दिया जा रहा है। जिले में लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनवाने की सुविधा जिला अस्पताल नारनौल व उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में उपलब्ध है। इसके अलावा निजी अस्पतालों पर भी कार्ड बनाए जा सकते हैं। ऐसे में लोगों कार्ड बनवाने के लिए नारनौल आना पड़ता है। इसे देखते हुए अब विभाग ने गांवों खुले सीएससी पर यह सुविधा देने जा रहा है। आयुष्मान भारत के जिला सूचना प्रबंधक उमेश सैनी ने बताया कि करीब 150 सीएससी को अनुमति दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अन्य सेंटरों को अनुमति देने का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि गांव स्तर पर यह सुविधा होने से लोगों को नारनौल या महेंद्रगढ़ अस्पताल में गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए नहीं आना होगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
दो लाख लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने हैं
योजना के अनुसार जिले में कुल 2,08,158 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने हैं। इसमें से अभी तक करीब 50 हजार लोगों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं। इसे लेकर विभाग की ओर से गांवों में जागरूकता अभियान चलाया गया था। इसके बाद भी अभी लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में गांव स्तर पर यह सुविधा मिलने से लोगों को कार्ड बनवाने में राहत मिलेगी।
सतनाली व नांगल चौधरी सीएचसी पर गोल्डन कार्ड बनेगा
जिले की दो सीएचसी पर आयुष्मान भारत की सेवाएं सप्ताह में तीन-तीन दिन उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए सीएचसी पर विभाग ने संसाधन उपलब्ध करा दिए हैं। इन सेंटरों पर आयुष्मान मित्र की नियुक्ति कर दी गई है। नांगल चौधरी सीएचसी पर सोमवार, मंगलवार व बुधवार को गोल्डन कार्ड बनवाए जा सकते हैं। इसी प्रकार सतनाली में वीरवार, शुक्रवार और शनिवार को यह सुविधा मिलेगी।
11 निजी अस्पताल पैनल में हुए शामिल
जिले में दो सरकारी नागरिक अस्पताल और 11 निजी अस्पताल पैनल में हैं। इसमें सरकारी जिला अस्पताल नारनौल व उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ हैं। निजी अस्पतालों में विजय अस्पताल नारनौल, संवेदना अस्पताल नारनौल, कृष्णा आई अस्पताल नारनौल, कृष्णा आई अस्पताल महेंद्रगढ़, गंगा देवी पांडे अस्पताल महेंद्रगढ़, इमरान ईएंडटी अस्पताल नारनौल, शांति अस्पताल नारनौल, सिंघल अस्पताल नारनौल, हेमंत अस्पताल नारनौल और बंसल आई केयर महेंद्रगढ़ पहले से शामिल हैं। अब गोयल आई सेंटर भी पैनल में शामिल हो गया है।
सीएससी सेंटरों पर गोल्डन कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे गांव के लोगों को नारनौल आने की जरूरत नहीं होगी। लोग गांव के सीएससी सेंटर पर आयुष्मान भारत में नाम है या नहीं समेत अन्य की जानकारी भी ले सकेंगे। जिन लाभार्थियों के कार्ड नहीं बने हैं, वे गोल्डन कार्ड बनवा लें।
- डॉ. डीके सैनी, नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत, नारनौल।