संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। श्रीकृष्ण स्कूल में चल रही 69वीं सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में मेजबान हरियाणा की टीम विजेता और हिमाचल की टीम उप विजेता रही। हरियाणा ने हिमाचल को 35-28 से हराया। फाइनल मुकाबला मेजबान हरियाणा व हिमाचल के बीच हुआ। पहले हाफ तक दोनों टीमें 13-13 अंकों के साथ बराबरी पर थीं। हिमाचल की पुष्पा राणा व हरियाणा की पूजा और कप्तान प्रियंका पूरे मुकाबले में छाई रहीं। दूसरे हाफ के बाद हरियाणा ने चार अंकों की बढ़त बना ली। मुकाबले में हरियाणा की बेस्ट रेडर पूजा पर धनवर्षा हुई।
आठ हजार दर्शकों के बीच रविवार को राजस्थान और हरियाणा के बीच हुए फाइनल मुकाबले रोमाचंक रहा। वहीं पहला सेमीफाइनल हिमाचल व झारखंड के बीच हुआ। सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा की बेस्ट रेडर पूजा के बेहतरीन खेल की बदौलत हरियाणा ने राजस्थान को 34-33 से हराया। नजदीदी मुकाबले में जीत के जश्न के बाद आयोजकों एवं खेल प्रेमियों ने राज्य सभा सांसद एवं एम्योचर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार को कंधों पर उठा लिया। चौधरी धर्मबीर सिंह ने हरियाणा की स्टार खिलाड़ी पूजा को एक लाख रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. जेके आभीर, जगदीश श्योराण आईएएस, एसपी विक्रांत भूषण, एमेच्योर कबड्डी के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम हर्षित कुमार, एएसपी सिद्धांत जैन, एएसपी प्रबीना पी, डॉ. ज्योति आभीर, अनिल पंवार, जजपा के जिला प्रधान एडवोकेट तेजप्रकाश, अनुपम गोस्वामी, मुख्यमंत्री के निजी सचिव अभिमन्यु यादव, कुलदीप दलाल, श्री कृष्णा स्कूल के चेयरमैन बीर सिंह यादव, सीईओ कर्मबीर राव, कृष्ण श्योराण, संजीव तंवर, नायब तहसीलदार दयाचंद, राजेश झाड़ली, नरेश ढिल्लो रहे। देशभर से आए खिलाड़ियों के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने सभी तरह के पुख्ता इंतजाम किए थे। उन्हें मैदान तक लाने व ले जाने से लेकर ठहरने तक हर जगह पुलिस की अलग अलग टीमें 24 घंटे तैनात रही। उपायुक्त डॉ. जयकृष्ण आभीर भी लगातार महेंद्रगढ़ पहुंच तैयारियों का जायजा लेते रहे।
खेल नीतियों की मिल रहा लाभ
राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगड़ा ने कहा कि सरकार की खेल नितियों के बदौलत अब युवा खेलों में अपना भविष्य देखने लगे हैं। अब खेल के माध्यम से भी बड़े पद हासिल किए जा सकते हैं। जांगड़ा रविवार को एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया एंड एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा की ओर से श्री कृष्णा स्कूल महेंद्रगढ़ में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने विजेता टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया। मैच के दौरान राज्यसभा सांसद व एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार तथा इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के निदेशक तेजस्वी गहलोत भी मौजूद थे। जांगड़ा ने कहा कि साल 2014 के बाद प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए विशेष योजना चलाई। हरियाणा की देश में सबसे बेहतरीन खेल नीति है। उन्होंने सभी टीमों को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी।इस अवसर पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों व सैनिकों की खेती है। खेलों में भी किसान व मजदूर के बेटे व बेटियां आगे हैं तथा देश की सुरक्षा का काम भी किसान मजदूर के बेटे व बेटियां करते हैं।
महेंद्रगढ़ वासियों ने दिखाई गजब की मेहमाननवाजी
जिला में इतने बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर चारों दिन लोगों में खूब जोश देखने को मिला। सेमीफाइनल में फाइनल मुकाबलों में आज प्रतियोगिता को देखने वालों का लगातार तांता लगा रहा। आलम यह था कि मैदान में कहीं भी जगह खाली नहीं बची थी। पूरे इंतजाम के बावजूद बैठने के लिए जगह कम पड़ गई। इतनी भीड़ होने के बावजूद भी जिला के निवासियों ने बेहद अनुशासन का परिचय देते हुए मुकाबलों का आनंद उठाया। सभी लोग एवं अनुशासित थे तथा हर जगह पर पुलिस का पूरा सहयोग किया। रविवार होने के कारण स्कूल कॉलेजों के बच्चों की भी अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ थी। जिला महेंद्रगढ़ को नेशनल लेवल की मेजबानी मिलने से उत्साहित हर नागरिक मेहमानों के स्वागत व इंतजाम में जुटे रहे।