महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) ने नवाचार के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है। विश्वविद्यालय का पहला स्टार्टअप ‘फलकलिंक लॉजिस्टिक्स’ अब आधिकारिक रूप से रजिस्टर्ड हो गया है। इस स्टार्टअप को विधि विभाग के छात्र रमीश अहमद ने शुरू किया है। विश्वविद्यालय के लिए यह एक खास और गर्व का पल माना जा रहा है।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि दिखाती है कि विश्वविद्यालय छात्रों को नए विचारों पर काम करने और अपना काम शुरू करने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद छात्रों को सिर्फ नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। आगे भी ऐसे नए स्टार्टअप्स को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसा माहौल बना रहा है, जहां छात्र अपने आइडिया को बिजनेस में बदल सकें। सही मार्गदर्शन और अलग-अलग विषयों की समझ से यह काम आसान हो रहा है। कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने भी रमीश अहमद को बधाई दी और भरोसा दिलाया कि प्रशासन की तरफ से हर जरूरी मदद मिलेगी।
प्रो. सुनीता श्रीवास्तव और नवाचार एवं इनक्यूबेशन केंद्र के निदेशक प्रो. आशीष माथुर ने कहा कि यह सफलता दूसरे छात्रों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। विश्वविद्यालय परिवार ने रमीश अहमद को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं।