महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने उभरती प्रौद्योगिकियों व नवाचार-आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीट पेपर्स लिमिटेड सिंगापुर के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौता ज्ञापन पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार द्वारा कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग आने वाले समय की मांग है जो विद्यार्थियों को भविष्य की कार्यशैली के अनुरूप कौशल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सीट पेपर्स लिमिटेड, सिंगापुर की ओर से इस समझौते में कंपनी के सीईओ डॉ. स्टालिन मिश्रा ने प्रतिनिधित्व किया।
इस एमओयू की पहल हकेंवि के कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा की गई। कार्यक्रम में प्रो. सिंगारा सिंह, प्रो. आशीष माथुर, डॉ. खेराज, सीट पेपर्स लिमिटेड सिंगापुर के सह-संस्थापक, सीटीओ राजेश सिंह भी उपस्थित रहे।
यह साझेदारी हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के उस सतत प्रयास में एक और महत्वपूर्ण कदम है जिसके तहत विश्वविद्यालय शैक्षणिक अधिगम और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करते हुए कौशल विकास और अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।