महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ के बुक रीडिंग क्लब की ओर सेआचार्य रामचंद्र शुक्ल के निबंध लोभ और प्रीति पर पाठ एवं चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में प्रतिभागियों की ओर से निबंध का पाठ किया गया। विद्यार्थियों ने क्लब के संयोजक प्रो. बीरपाल सिंह यादव एवं डॉ. स्नेहसता के साथ निबंध पर चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। डॉ. स्नेहसता ने निबंध पर चर्चा करते हुए बताया कि आचार्य शुक्ल ने कितनी सूक्ष्मता से लोभ और प्रीति को परिभाषित किया है।
उन्होंने कहा कि लोभ सदा नकारात्मक नहीं होता और प्रेम की शुरुआत भी लोभ से ही होती है। बुक रीडिंग क्लब के समन्वयक प्रो. बीर पाल सिंह यादव ने इस निबंध पर चर्चा आरंभ करते हुए सफदर हाशमी की कविता ' किताबें करती हैं ' का पाठ किया। निबंध पाठ के बाद प्रतिभायिगों ने निबंध के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव और विचार साझा किए। कार्यक्रम में मंच का संचालन हिंदी विभाग के शोधार्थी रोबिन ने किया एवं रिपोर्ट लेखन का कार्य हिंदी विभाग की शोधार्थी गायत्री ने किया व छायांकन शोधार्थी रूबी पांडेय ने किया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. आनंद शर्मा व उप छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. रेनू यादव ने ऐसे आयोजन करने का आश्वासन दिया और सभी को नियमित रूप से साहित्यिक गतिविधियों में शामिल रहने के लिए प्रेरित किया।