नारनौल। महेद्रगढ़ जिले के गांव सुरेती पूनिया के रहने वाले व पैदल चाल में टोक्यो ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके ओलंपियन संदीप पूनिया हरियाणा खेल विभाग की उपेक्षा के शिकार हैं। मंत्री से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगा चुके पूनिया को अभी तक खेल विभाग की ओर से ओलंपिक तैयारी के लिए मिलने वाले पांच लाख रुपये नहीं मिल पाए हैं।
पूनिया का कहना है कि अगर उन्हें यह राशि मिल जाए तो तैयारी करने में उन्हें काफी सहायता मिलेगी। वर्ष 2020 में मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि जो भी हरियाणा का खिलाड़ी ओलंपिक में जाने का कोटा हासिल करेगा खेल विभाग की ओर से उसे 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। इनमें से पांच लाख रुपये तुरंत तैयारी के लिए खिलाड़ी के खाते में भेज दिए जाएंगे। जिससे उसको तैयारी करने में मदद मिल सके। महेंद्रगढ़ जिले के रहने वाले संदीप पूनिया ने 13 फरवरी 2021 को ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया था। कोटा हासिल होने के बाद संदीप ने पांच लाख रुपये लेने के लिए जिला खेल अधिकारी महेंद्रगढ़ के पास आवेदन किया, लेकिन राशि उनके खाते में नहीं आई। इसके बाद उन्होंने खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह से भी बात की, जिस पर जल्द ही पैसे देने का आश्वासन दिया गया। लेकिन करीब चार माह बीतने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो सका है। संदीप ने अमर उजाला को बताया कि वह चार बार जिला खेल अधिकारी नारनौल को रिमाइंडर भेज चुके हैं व खुद खेल राज्यमंत्री से तीन बार बात कर चुके हैं मगर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर ओलंपिक खिलाड़ियों के साथ ऐसा व्यवहार खेल विभाग करेगा तो ओलंपिक में पदक की क्या उम्मीद की जा सकती है।
-बंगलूरू में कर रहे हैं अभ्यास
संदीप इस समय बंगलूरू में टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास है कि वे ओलंपिक पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करें। लेकिन हैरत की बात यह है बार बार रिमांडर भेजने के बाद भी मदद नहीं मिल रही है। पहले खेल राज्यमंत्री ने कहा था कि जल्द ही पैसे दे दिए जाएंगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि ओलंपिक एसोसिएशन से खिलाड़ियों की लिस्ट मांगी गई है। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इन खिलाड़ियों को भी नहीं मिली है राशी
भिवानी के बॉक्सर मनीष कौशिक, पूजा बोहरा, विकास यादव व एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा सहित अनेक खिलाड़ी हैं जो इस समय तैयारियों के लिए मिलने वाली राशि की बाट जोह रहे हैं। मगर खिलाड़ियों का इंतजार लंबा होता जा रहा है। केवल विश्व के नंबर एक बॉक्सर व 9 मार्च 2020 को ओलंपकि कोटा हासिल करने वाले अमित पंघाल को ही यह राशि मिली है। वह भी स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में उनके खाते में भेजी गई थी।
संदीप पूनिया ने आवेदन किया था। विभाग की ओर से उनकी फाइल पंचकूला कार्यालय में कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। दोबारा फिर से रिमांडर भेजा गया है। राशि वहीं से जारी होनी है, लिहाजा इस बारे में हम कुछ नहीं कह सकते।
-परसा राम, जिला खेल अधिकारी, नारनौल।
संदीप पूनिया के पैसे उनके अकाउंट में जल्द से जल्द भेज दिए जाएंगे। सारी कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। इस समय पूरा स्टाफ कोरोना से बचाव में लगा हुआ है। वे जैसे ही ऑफिस में आएंगे वैसे ही सारा काम कर दिया जाएगा। मेरी संदीप से भी बात हो चुकी है, उनके लिए मेरी शुभकामनाएं हैं। वे ओलंपिक में पदक जीत कर आएं।
-संदीप सिंह, खेल राज्यमंत्री, हरियाणा सरकार