नारनौल/नांगल चौधरी/अटेली। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को नांगल चौधरी, नारनौल और अटेली की अनाज मंडियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाजरा खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों से फसल की आवक, खरीद, उठान और किसानों को किए जा रहे भुगतान की जानकारी ली।
कृषि मंत्री ने मंडियों में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दे रही है। यदि मंडी में किसी किसान की फसल एमएसपी से कम भाव पर बिकती है तो भावांतर भरपाई योजना के तहत अंतर की भरपाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित सरकार की प्राथमिकता हैं और खरीद से लेकर भुगतान तक हर व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। इस मौके पर एसडीएम उदय सिंह, एसडीएम गुरविंदर सिंह, नगर परिषद चेयरमैन कमलेश सैनी और मार्केट कमेटी चेयरमैन रमाशंकर शर्मा मौजूद रहे।