नारनौल। गांव कुलताजपुर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय जिले भर में अपनी विशेष पहचान रखता है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शिक्षा, गुणवत्ता से भरपूर भोजन, बेहतर खेल मैदान की व्यवस्था के साथ विद्यालय का चयन मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत नारनौल खंड स्तर पर प्रथम स्थान के लिए किया गया है।
वहीं जिला स्तर पर प्रथम स्थान के लिए मजबूत दावेदार बना हुआ है। खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्कूल को 50 हजार रुपये की राशि विभाग द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप दी गई है। बच्चों के बेहतर पोषण के लिए गुणवत्ता वाला खाना आवश्यक है। मिड-डे-मील के तहत बच्चों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर स्कूल प्रशासन गंभीर है। विद्यालय में किचन गार्डन बनाया गया है, जिसमें मौसमी सब्जियां उगाई जाती हैं। सब्जियों में किसी तरह के कीटनाशक का छिड़काव नहीं किया जाता, केवल जैविक खाद का प्रयोग किया जाता है।
जैविक खाद से तैयार होने वाली हरी सब्जियों से बच्चों का खाना तैयार किया जाता है, ताकि बच्चों को बेहतर पोषण मिल सके। यह विद्यालय के द्वारा शुरू की गई एक शानदार पहल है, जो जिले भर के स्कूलों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इंसेट
साफ-सुथरे आंगन और कक्षा, लंबे-चौड़े खेल मैदान
इस माध्यमिक विद्यालय में पहली से आठवीं कक्षा तक के 97 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। पांच शिक्षक नियुक्त हैं। विद्यालय में 9 कमरे हैं। इसमें आठ कक्षाएं संचालित हैं। साथ ही मिड-डे-मील के तहत खाना बनाने के लिए अलग से रसोई की व्यवस्था भी है। बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए विद्यालय में डिजिटल बोर्ड, स्मार्ट कक्षा, पुस्तकालय, हरा-भरा खेल मैदान, जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, शौचालय में पानी व्यवस्था व साफ-सफाई उपलब्ध है।
-
वर्जन :
विभाग द्वारा स्कूलों में किचन गार्डन की योजना बनाई गई थी। इसे स्टाफ सदस्यों के प्रयास द्वारा अमल में लाया गया है। किचन गार्डन में उगाई जाने वाली हरी सब्जियां बच्चों को बेहतर पोषण देने में सहायक है। खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि को स्कूल में पेयजल व्यवस्था को अधिक बेहतर बनाने व स्कूल में पेड़-पौधे लगाकर हरा-भरा बनाने पर खर्च किए जाएंगे।उम्मीद है कि जिला स्तर पर भी विद्यालय प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।- दलीप सिंह, मुख्याध्यापक, राजकीय माध्यमिक विद्यालय, गांवकुलताजपुर।