फोटो नंबर-19बस की इंतजार में अपनी मम्मी के साथ खड़े बच्चे। संवाद
नारनौल। करीब 40 दिनों के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बुधवार से जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल दोबारा खुल गए। पहले ही दिन स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति तो रही लेकिन अधिकतर विद्यार्थियों का मन अभी भी छुट्टी के मूड में नजर आया।
सुबह घरों में अभिभावकों को बच्चों को समय पर तैयार कराने में काफी परेशानी हुई। किसी ने उन्हें चॉकलेट और बिस्किट देकर मनाया तो किसी ने समझाकर स्कूल भेजा। कई बच्चे देर से तैयार हुए जिसके कारण कुछ की स्कूल बस भी छूट गई। ऐसे में अभिभावकों को निजी वाहनों से बच्चों को स्कूल छोड़ना पड़ा।
स्कूलों के बाहर सुबह से ही हल्की चहल-पहल देखने को मिली। शिक्षक भी पहले दिन बच्चों का उत्साह बढ़ाते नजर आए और उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
हालांकि मौसम की गर्मी और उमस के कारण कुछ अभिभावक और छात्र छुट्टी बढ़ने की उम्मीद लगाए बैठे थे लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से अवकाश बढ़ाने का कोई आदेश नहीं आया। तय कार्यक्रम के अनुसार सभी स्कूल समय पर खुले और नए सत्र की पढ़ाई फिर से शुरू हो गई।