ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन व भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन की तरफ से केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस व डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से महावीर चौक तक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन कर सरकार से मांग की रसोई गैस व डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस किया जाए तथा किसानों व आम आदमी को आधे रेट पर डीजल व गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाए।
किसान नेता बलबीर सिंह व यूनियन नेता सीताराम ने बताया कि देश में आम आदमी की आर्थिक हालत पहले ही बहुत कमजोर है। ऐसे हालातों में महंगाई बढ़ाना उनके जीवन को और कष्ट में बनाना है। एक तरफ तो सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों को हर साल लाखों करोड़ का कर राहत पैकेज देती है वहीं आम आदमी से अनाप-शनाप टैक्स वसूल कर रही है। इससे पहले स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शहीद भगत सिंह को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर किसान नेता बलबीर सिंह, यूनियन नेता सीताराम, महावीर, दलसिंह, मूलचंद, दीपक, बबलू, राजू कटारिया व विजेंद्र सिंह मौजूद रहे।