वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मौजूद उपायुक्त अजय कुमार और अन्य अधिकारी । संवाद
- फोटो : Narnol
गीता हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। पूरे विश्व में इसके विचारों की स्वीकार्यता है। ऐसे में हमें गीता महोत्सव को जन भागीदारी से भव्य तरीके से मनाना है। यह निर्देश सूचना जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक अमित अग्रवाल ने मंगलवार को जिला स्तरीय गीता महोत्सव के संबंध में सभी उपायुक्त के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दी। उपायुक्त अजय कुमार ने गीता महोत्सव के लिए जिले में की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
अग्रवाल ने कहा कि इस बार का गीता महोत्सव आजादी का अमृत महोत्सव की थीम पर मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में गीता पर सेमिनार, हवन एवं पाठ प्रदर्शनी व नगर शोभायात्रा के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करवाए जाएंगे। 12 से 14 दिसंबर के बीच गीता महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार प्रदर्शनी में 1857 की क्रांति के वीरोें से जुड़ी गाथा तथा हरियाणा बनने के बाद अब तक की विकास यात्रा की झांकी भी देखने के लिए मिलेगी।
उन्होेंने बताया कि इस बार 14 दिसंबर को 12 बजे प्रत्येक जिले के 50 स्कूलों के 50 बच्चे ऑनलाइन ग्लोबल श्लोक उच्चारण से जुड़ेंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी रहेगी कि वे ठीक 11:45 पर सभी बच्चों को ऑनलाइन जोड़ें। अग्रवाल ने कहा कि हमें इस बात पर गर्व है कि महाभारत का युद्ध हरियाणा की धरा पर लड़ा गया और यहां से पूरी मानवता के लिए इतना बड़ा संदेश दिया गया। गीता एक यूनीक सांस्कृतिक धरोहर है। आज के समय में भी ये संदेश उतना ही प्रासंगिक है। इसके आयोजन में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कला एवं संस्कृति विभाग के अलावा स्थानीय स्तर पर भी स्कूल व कॉलेजों की टीमों को मौका दिया जाए। उपायुक्त अजय कुमार ने आयोजन स्थल की जानकारी देते हुए बताया कि हर बार की तरह इस बार भी सभागार भवन में 3 दिन तक गीता महोत्सव मनाया जाएगा। अंतिम दिन नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया व नगराधीश अमित कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।