फोटो नंबर-07नारनौल के महिला कॉलेज में लोहड़ी पर्व पर नृत्य करती छात्राएं। संवाद
नारनौल। लोहड़ी सोमवार को शहर में धूमधाम के साथ मनाया गया। इसको लेकर पंजाबी समाज में उत्साह रहा। वहीं बाजार व विभिन्न कार्यालयों सहित शिक्षण संस्थानों में भी इसकी रौनक दिखाई दी।
लोहड़ी को लेकर बाजार में रेवड़ी और मूंगफली की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। लोगों ने खरीदारी की। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय में भी लोहड़ी व मकर संक्रांति धूमधाम के साथ मनाया गया। महिला प्रकोष्ठ की ओर आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर अतिथि एचडीएफसी बैंक से नीरज मेहता, उप प्रधान नितिन मूंजाल व एरिया हेड प्रमोद शर्मा मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. यशपाल ने की।
कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. ममता शर्मा ने किया। सर्वप्रथम अग्नि जलाकर सभी ने उसमें रेवड़ी व मूंगफली का भोग लगाया। इसके बाद समस्त स्टाफ व छात्राओं को रेवड़ी और मूंगफली वितरित की गई। छात्रा जश्न कौर ने दुल्ला भट्टी की कहानी भी सुनाई। छात्राओं ने ढोल पर पंजाबी व हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। डाॅ. ममता शर्मा ने मकर संक्रांति के बारे में बताया।