नारनौल। जिले के गांव मोहनपुर निवासी गैंगस्टर सुरेंद्र उर्फ चीकू को वीरवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया गया। इस दौरान न्यायालय परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। न्यायालय परिसर में प्रत्येक आने जाने वाले की तलाशी ली गई।
सुरेंद्र उर्फ चीकू वीरवार को न्यायालय परिसर में अटेली थाना में दर्ज मुकदमे में पेशी पर आया था। फरवरी 2021 में अटेली बेगपुर निवासी संदीप कुमार ने अटेली थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी कि उसने 2011 में एक जमीन का सौदा किया था, जिसके लिए उसने साढ़े 22 लाख रुपये बतौर बयाना भी दिए थे। संदीप कुमार का आरोप है कि जनवरी 2021 में उस जमीन से अपना दावा छोड़ने के लिए लिए विरेंद्र लाम्बा ने धमकी देते हुए कहा कि इस जमीन को चीकू ने खरीद लिया है, इसलिए तुम 30 लाख रुपये लेकर अपना दावा छोड़ दो। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिस्टल के बल पर डरा कर उससे उक्त जमीन को बेचने का सौदा करवा दिया। इस संबंध में अटेली पुलिस ने योगेंद्र, विक्रांत, विरेंद्र लाम्बा, सुरेंद्र चीकू व विकास कुमार के विरुद्ध धारा 386, 392, 395, 397, 120बी, 506, 201 व 34 आईपीसी तथा धारा 25,54,59 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी वीरवार सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में सुनवाई थी।