मंडी अटेली। क्षेत्र में बैटरी चोर गिरोह का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में चोर 16 वाहनों की बैटरियां चोरी कर चुके हैं। लगातार हो रही वारदातों से वाहन मालिकों और किसानों में डर का माहौल है।
ताजा घटना गुजरवास रोड की है। यहां बीती रात चोरों ने धर्मकांटा और बिल्डिंग मटेरियल की दुकानों पर खड़े चार ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी कर लीं। गांव खोड़ निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उनकी दुकान पर खड़े दो ट्रैक्टरों से बैटरियां गायब मिलीं।
वहीं वार्ड-1 निवासी ब्रह्मप्रकाश मानव की दुकान पर खड़े दो अन्य ट्रैक्टरों को भी चोरों ने निशाना बनाया। सुबह ट्रैक्टर स्टार्ट करने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे एक सप्ताह पहले बिहाली और गुजरवास गांवों से भी करीब एक दर्जन वाहनों की बैटरियां चोरी हुई थीं। एक बैटरी की कीमत 10 से 12 हजार रुपये है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस रात में गश्त नहीं करती। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोर गिरोह को जल्द पकड़ने की मांग की है।