महेंद्रगढ़। जिले में चल रही रामलीलाओं में मंगलवार रात भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया गया। कहीं कोप भवन और राम वनवास की लीला दिखाई गई तो कहीं धनुष यज्ञ के मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के शानदार अभिनय पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
श्री हनुमान रामलीला में कैकेयी के कोप भवन में जाने और राजा दशरथ से दो वरदान मांगने का प्रसंग दिखाया गया। कैकेयी ने भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगा। इससे राजा दशरथ दुखी हो गए।
वहीं, श्रीराम ने पिता के वचन की मर्यादा रखने के लिए वनवास स्वीकार कर लिया। माता सीता और लक्ष्मण ने भी उनके साथ जाने का निर्णय लिया। इस दौरान राम की भूमिका में राम रेविन गौरा, लक्ष्मण के रूप में प्रथम भारद्वाज और दशरथ की भूमिका में जयसिंह सैनी ने अभिनय किया।
सब्जी मंडी के पास स्थित श्री आदर्श रामलीला में भी कोप भवन और राम वनवास का मंचन हुआ। इसमें सुरेश गोस्वामी ने राम, मानव यादव ने सीता, राहुल यादव ने लक्ष्मण और नवीन लोहारोड़ ने कैकेयी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में लखीराम सोनी मुख्य अतिथि रहे।
वहीं, कनीना की श्री आदर्श रामलीला में धनुष यज्ञ का मंचन खास आकर्षण रहा। 65 वर्षीय शिब्बू पंसारी ने रावण और उनके पोते मन्नू पंसारी ने बाणासुर का किरदार निभाया। दादा-पोते की जोड़ी ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। लक्ष्मण-परशुराम के संवादों ने भी लोगों को रोमांचित किया।
श्री रामलीला परिषद महेंद्रगढ़ में भी धनुष यज्ञ की लीला दिखाई गई। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने, रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम के बीच तीखे संवादों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विधायक कंवर सिंह यादव मुख्य अतिथि रहे।
फोटो संख्या:81- श्री हनुमान रामलीला में वनवास से पहले श्रीराम-लक्ष्मण संवाद का मंचन करते कला
फोटो संख्या:81- श्री हनुमान रामलीला में वनवास से पहले श्रीराम-लक्ष्मण संवाद का मंचन करते कला