नारनौल। नारनौल कोर्ट परिसर में आमजन के लिए मुफ्त में वाई फाई की सुविधा शुरू की गई है। वाई फाई की रेंज कोर्ट परिसर, वकीलों के चेंबर व आसपास के क्षेत्र तक ही सीमित है। अपने मोबाइल में वाई फाई चालू करने के लिए आपको कोई पासवर्ड भी नहीं डालना पड़ेगा।
अक्सर देखने में आता है कि कोर्ट में आने वाले कई लोग के निजी डॉक्यूमेंट मोबाइल में ही सेव करके रखते हैं और कोर्ट में अंदर की ओर नेटवर्क की समस्या रहती है। ऐसे में आमजन अपने निजी कागजात की प्रति अन्य को प्रेषित नहीं कर पाते हैं। दूसरी ओर अपनी बारी के इंतजार में बैठे बैठे भी लोग ऊब जाते हैं, तो ऐसे में आमजन वाई फाई के माध्यम से अपना समय आसानी से व्यतीत कर सकते हैं।
लाइब्रेरी में लगाया है सेटअप: इस वाई फाई का सेटअप लाइब्रेरी में लगाया गया है। जहां से कोर्ट व वकीलों के चेंबर दोनों ही बराबर की दूरी पर हैं। ऐसे में इसकी रेंज दोनों ओर के एरिया को पूरा कवर कर लेती है। इस सेटअप का पूरा खर्च बार एसोसिएशन की ओर से ही वहन किया गया है। वाई फाई से आमजन, वकील व जज आदि को 300 एमबीपीएस की स्पीड के साथ अनलिमिटेड इंटरनेट की सुविधा मिलेगी।
वर्जन:
इंटरनेट के नेटवर्क नहीं होने से आमजन को भटकते देखा जाता है। कोर्ट के बाहर भी बैठे बैठे लोग बोर होते है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए कोर्ट परिसर में फ्री वाई फाई की सुविधा प्रदान की गई है।-संतोख सिंह यादव, प्रधान, बार एसोसिएशन, नारनौल।