फोटो संख्या:62- रिवासा फ्लाईओवर के नजदीक पलटा ट्रक व पड़ी सीमेंट के कट्टे--संवाद
महेंद्रगढ़। फ्लाईओवर के पास रविवार को सीमेंट बैग से भरे ट्रक और कार में हुई भिड़ंत में ट्रक चालक समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन घायल कार में सवार थे जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। यहां से तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ट्रक चालक को भर्ती कर लिया गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और उसमें भरे सीमेंट के बैग सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
सीमेंट से भरा ट्रक नीमकाथाना राजस्थान से हांसी की ओर जा रहा था। जब ट्रक फ्लाईओवर से दादरी की तरफ नीचे उतर रहा था तभी नीचे टर्न ले रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई। कार चालक निलेश निवासी गांव मोहम्मदपुर थाना अटेली पेपर दिलाकर अपने 13 वर्षीय पुत्र कनीश और 11 वर्षीय पुत्री कनिका के साथ घर लौट रहे थे।
इसी दौरान ट्रक और कार में टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक निलेश और उसके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तुरंत नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ ले जाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, ट्रक चालक राजकुमार को मामूली चोटें आई हैं और उसका नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार फ्लाईओवर के नीचे से मुड़ रही थी। तभी तेज रफ्तार सीमेंट से लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।