सीहोर मोड पर बोलेरो गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाने पर पेड़ से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त अवस्था में
- फोटो : Narnol
कस्बे में फौजी कैंटीन के पास स्थित सिहोर मोड़ पर सड़क हादसे में सरपंच प्रतिनिधि सहित दो लोगों की मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल कनीना पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव स्याणा निवासी कृष्ण सिंह, रामकुमार तथा दिलीप तीनों बोलेरो गाड़ी में सवार होकर शाम को कनीना आए थे। वापस जाते समय सिहोर मोड़ के पास सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में गाड़ी में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सिविल अस्पताल कनीना भर्ती करवाया जहां पर कृष्ण सिंह ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि राम कुमार और दिलीप को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। राम कुमार ने रोहतक जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। देर रात तक हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हुई थी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी हुई थी। कृष्ण सिंह की भतीजी गांव की सरपंच हैं और वह सरपंच प्रतिनिधि के रूप में कार्य करता था।
खेत में व्यक्ति को कार ने मारी टक्कर मौत
क्षेत्र के गांव पालड़ी पनिहारा बुधवार शाम को पैदल-पैदल खेत में कार्य करने जा रहे व्यक्ति को स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खेतों में रह रहे आसपास के लोगों ने घायल को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार बलबीर (62) निवासी गांव पाली से अपने खेतों में पालड़ी पनिहारा जा रहा था। स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल का उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया। पीजीआई रोहतक ले जाते समय बलबीर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं पाया। गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया था । लोगों ने आकोदा चौकी में पुलिस को फोन कर गाड़ी के बारे में सूचना दी। आकोदा पुलिस ने गाड़ी को पकड़ लिया।