निजामपुर। जयपुर-भिवानी और भिवानी-जयपुर रूट पर संचालित एक्सप्रेस गाड़ियों को अब साधारण पैसेंजर श्रेणी में परिवर्तित कर दिया गया है। इसके चलते यात्रियों को किराए में बड़ी राहत मिलेगी और अब वे मात्र 10 रुपये के टिकट पर चार स्टेशनों तक यात्रा कर सकेंगे।
पहले इन गाड़ियों में एक स्टेशन तक यात्रा के लिए न्यूनतम 35 रुपये किराया देना पड़ता था लेकिन नए बदलाव के बाद यात्रियों को कम दूरी की यात्रा के लिए केवल 10 रुपये खर्च करने होंगे। इससे निजामपुर से अटेली, नीमकाथाना सहित आसपास के स्टेशनों तक रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
निजामपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि रेलवे ने चार गाड़ियों का किराया साधारण श्रेणी के अनुसार निर्धारित कर दिया है। एक जून से लागू इस व्यवस्था के बाद यात्रियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि किराया कम होने के बाद प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि रेवाड़ी-रींगस और रींगस-रेवाड़ी के बीच चलने वाली मेला स्पेशल ट्रेन संख्या 09637 एवं 09638 का नंबर बदलकर क्रमशः 59633 और 59634 कर दिया गया है। यह गाड़ियां शनिवार, रविवार, एकादशी तथा द्वादशी के अवसर पर संचालित होती हैं।
ये ट्रेनें फास्ट पैसेंजर के रूप में संचालित होंगी और एक स्टेशन छोड़कर अगले स्टेशन पर रुकेंगी। इसके चलते यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव जोरासी, जिलो, भगेगा, कछेरा और किशन मानपुरा स्टेशन पर नहीं होगा। ढाबला, माउंडा, नीम का थाना, कांवट, श्रीमाधोपुर और रींगस जंक्शन पर इन ट्रेनों का ठहराव किया जाएगा।