जिले में कोरोना संक्रमण से दूसरे दिन भी चार कोरोना मरीजों की मौत हो गई। वहीं पांच गंभीर मरीज आईसीयू में भर्ती है। कोरोना संक्रमण से अभी तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बुधवार को जिले में 196 कोरोना मरीज आए हैं। बता दें कि बेवल व काठमंडी के कोरोना संक्रमित की मौत की खबर मंगलवार के अंक में छप चुकी है। हेल्थ विभाग ने बुधवार को जारी बुलेटिन में दोनों की मौत दिखाया है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में बुुधवार को 196 नए कोरोना संक्रमित केस आए हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 8538 हो गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को 47 कोरोना मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अभी तक जिले में 7128 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि 27 अप्रैल को कोरोना संक्रमण के कारण बेवल, काठमंडी, धनौंदा व नई मंडी के एक-एक कोरोना संक्रमित की मृत्यु हो गई। अब तक जिले में 30 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना के 1380 केस अभी भी एक्टिव हैं। सीएमओ ने बतया कि जिले में 28 अप्रैल तक 163801 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 94482 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 195749 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से 3969 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
दो महिला समेत चार बुजुर्गों की मौत
जिले में मंगलवार की रात दो महिला और दो पुरुष बुजुर्गों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। इसमें एक संक्रमित महिला बेवल गांव की है। दूसरा काठमंडी नारनौल का 94 वर्षीय बुजुर्ग है। धनौंदा गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। नई अनाजमंडी में 65 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। महिला चार दिन पहले बीमार हुई थी, उसे पहले तो रोहतक ले जाया गया तथा बाद में नारनौल कोविड अस्पताल पटीकरा में दाखिल कराया गया था। महिला का पति एक निजी स्कूल में डीपीई के पद पर कार्यरत है। चारों शवों का पीपीई किट पहनकर कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया।