कनीना से बहादुरगढ़ तक जाने वाले स्टेट हाईवे 22 पर वाहन चालकों को अब हिचकोले नहीं खाने पड़ेगे। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की तरफ से टेंडर जारी किया गया। हालांकि यह स्टेट हाईवे बहादुरगढ़ तक जाता है, लेकिन महेंद्रगढ़ जिले में करीब साढे चार किलोमीटर पड़ता है। इस पर विभाग की तरफ से करीब 2.54 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसी तरह कोसली, झज्जर और बहादुरगढ़ में पड़ने वाले हिस्से का वहां के विभाग की ओर से करवाया जाएगा। अभी लंबे समय से स्टेट हाइवे पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए थे। जिसकी वजह से वाहनों चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब कनीना से करीब साढ़े चार किलोमीटर तक मार्ग का कार्य करवाया जाएगा। यह हाइवे बहादुरगढ़ से झज्जर और फिर कोसली तक जाता है फिर नाहर और कनीना को जोड़ता है।
इस सड़क से होते हुए लाखों की संख्या में शिवभक्त महेंद्रगढ़ जिले के गांव बागौत में बने प्राचीन शिवमंदिर में माथा टेकते हैं। 11 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलने वाले सावन माह में डाक कांवड़ व भक्तों की टोली इसी रास्ते से जाएगी। अभी बहु झोलरी के पास करीब 200 मीटर सड़क ज्यादा टूटी हुई है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
वाहन चालकों को भी हो रहा आर्थिक नुकसान
टूटी सड़क पर आए दिन आमजन के वाहन फंस रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को तो परेशानी हो ही रही है। आसपास के मकान मालिक भी परेशान नजर आ रहें हैं। बहु गांव निवासी जयप्रकाश, शेरसिंह सैनी, मनीष सैनी,अशोक सैनी, प्रवीन कुमार आदि ने बताया कि वाहन चालकों के जब वाहन यहां फंसते हैं तो सहायता के लिए वह आसपास के घरों के दरवाजे खटखटाते हैं। वाहन चालकों को अपने वाहन निकालने के लिए बुलडोजर व ट्रैक्टर की सहायता लेनी पड़ती है। बुलडोजर व ट्रैक्टर चालक भी मुंह मांगे रुपये मांगते हैं, इससे उन्हें आर्थिक नुकसान होता है।
स्टेट हाईवे 22 का हिस्सा करीब साढे़ चार किलोमीटर की विशेष मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इस पर करीब 2.54 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
अश्वनी कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।