महेंद्रगढ़। जिले में मिशन बुनियाद के तहत नौवीं और 10वीं की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। इसके तहत 156 विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा मिलेगी। साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी विद्यार्थी तैयार हो पाएंगे।
जिले में मिशन बुनियाद के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं जिनको महेंद्रगढ, नारनौल, कनीना, अटेली के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में संचालित किया जा रहा है। यहां पर विद्यार्थियों के लिए शिक्षक भी विशेष रूप से नियुक्त किए गए हैं।
बुनियाद के तहत पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से निशुल्क वर्दी, किताबें और आवागमन का किराया प्रतिकिलोमीटर 4 रुपये के अनुसार दिया जाता है।
लाइव पा सकते हैं सवालों के जवाब
कक्षा के दौरान स्मार्ट बोर्ड से पढ़ाई करवाई जाएगी और इसमें पंचकूला के प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। इस दौरान अगर किसी विद्यार्थी का कोई सवाल होता है तो वह उसी दौरान समाधान पा सकता है। शिक्षक से सीधे सवाल किया जा सकता है और शिक्षक उसी दौरान सवाल का जवाब देते हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी
बुनियाद कक्षाओं में पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जाती है। इसमें रीजनिंग व जनरल नॉलेज भी पढ़ाई जाती है। इससे बच्चों की बुनियाद मजबूत होगी और उनको प्रतियोगी परीक्षा में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
- वर्जन
बुनियाद के विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं शुरू हो चुकी है और डिजिटल तरीके से विद्यार्थी पढ़ाई कर पाएंगे। इससे उनकी बुनियाद मजबूत होगी और विद्यार्थी पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार होंगे। इसके लिए उन्हें किसी विशेष तैयारी की जरूर नहीं होगी।
-रविंद्र कुमार, डीएसएस, जिला प्रभारी, मिशन बुनियाद