नारनौल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक शिक्षकों को शिक्षण गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से एफएलएन का पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण खंड नारनौल में खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भारद्वाज के दिशा-निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण दो चरणों में चल रहा है। इसमें नौ बैच बनाए गए हैं। पहले चरण में खंड नारनौल के 157 प्राथमिक शिक्षक, जबकि दूसरे चरण में पलवल, नूह, गुरुग्राम, रेवाड़ी, करनाल, फरीदाबाद, भिवानी सहित अन्य जिलों से आए 168 शिक्षक भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान एससीईआरटी प्रतिनिधि डॉ. संजय कोशिश ने प्रशिक्षण स्थल का दौरा किया। अपने अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षण के महत्व की जानकारी दी। बतौर मास्टर ट्रेनर प्रीति कुमारी, हवासिंह, मंजू, महेन्द्र, मनिंदर, रविंद्र और मुनेश कुमार ने शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं स्पेशल ट्रेनर ममता ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को नवीन पाठ्यक्रम और शिक्षण तकनीकों से अवगत कराना है।
नए पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षा एक के लिए रागिनी भाग-1 व 2, कक्षा 2 के लिए रागिनी भाग I व II, और कक्षा 3 के लिए सरगम भाग-1 व 2 को शामिल किया गया है। गणित शिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसएयूएस किट (शिक्षण-अधिगम उपकरण संग्रह) का उपयोग सिखाया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समुचित संचालन अमित सैनी और धर्मवीर द्वारा किया गया।