महेंद्रगढ़। होली के मद्देनजर बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से चार मार्च (धुलंडी) को दोपहर बाद पांच स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। ग्रामीण रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है ताकि यात्रियों को त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सतनाली, अटेली, भोजावास, सेहलंग, सोहला, मालड़ा सराय, अगिहार, कुंड सहित विभिन्न रूटों पर भीड़ अधिक रहती है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। चार मार्च को धुलंडी के अवसर पर दोपहर बाद बसों का संचालन किया जाएगा।
विभाग की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के लिए सभी चालक, परिचालक को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिन ग्रामीण रूटों पर अधिक सवारियां रहेंगी उन्हीं पर बसों का मांग के अनुसार संचालन किया जाएगा।
वहीं अड्डा इंचार्ज हरिकिशन ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टाफ की तैनाती की गई है। पांच स्पेशल बसों का संचालन करने से लोगों को भी राहत मिलेगी। यात्रियों को बिना किसी परेशानी के उनके गंतत्व तक पहुंचाने के लिए सभी तैयारियां की जा चुकी हैं।
...................................
फोटो नंबर- 02
रेवाड़ी-दिल्ली रूट सहित कई मार्गों पर अतिरिक्त बसें
नारनौल। नारनौल से रेवाड़ी और दिल्ली रूट पर बसों का संचालन अस्थायी रूप से बढ़ाया गया है। बड़ी संख्या में लोग रोजगार और पढ़ाई के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और बावल में रहते हैं जो त्योहार पर घर लौटते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए महेंद्रगढ़, कनीना, निजामपुर, नांगल चौधरी, बहरोड़ और सिंघाना जैसे रूटों पर भी अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। सीआई सतीश कुमार के अनुसार निर्धारित समय पर बसें चल रही हैं और किसी भी रूट पर यात्री भार बढ़ने पर जरूरत के अनुसार और बसें लगाई जाएंगी। संवाद