फोटो संख्या:52 मोहल्ला खटीकान में बदहाल सड़क मार्ग---संवाद
महेंद्रगढ़। नगर पालिका की ओर से शहर की बदहाल पांच सड़कें जल्द ही दुरुस्त की जाएंगी। नवंबर में ब्रह्मचारी रोड, मोहल्ला खटीकान, वार्ड नंबर छह, 14 और पांच में सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। सड़कों को दुरुस्त करने पर 1.80 करोड़ रुपये के खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा तीन मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है।
शहर के 11 हट्टा बाजार से मोदाश्रम, मोहल्ला सराय से सैनी सभा तक, खाद्य आपूर्ति विभाग से मंडी गेट नंबर एक तक रेलवे रोड का निर्माण का शुरू हो चुका है। नगर पालिका की ओर से डुलाना रोड पर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जब तक टेंडर अलॉट नहीं किया जाता तब तक पैचवर्क करवाने की योजना बनाई है।
नवंबर में ब्रह्मचारी रोड, डुलाना रोड, मोहल्ला खटिकान, वार्ड नंबर छह की सड़कों के हालात सुधारने के लिए नगरपालिका की ओर से योजना तैयार की जा चुकी है। ब्रह्मचारी रोड के नव निर्माण के लिए नगरपालिका की ओर से 25.71 लाख रुपये का बजट तैयार किया जा चुका है।
मोहल्ला खटीकान से 11 हट्टा बाजार वाल्मीकि मंदिर होते हुए 300 मीटर सड़क के निर्माण के लिए 18.50 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। इन दोनों सड़कों पर पर्व के शीघ्र बाद काम शुरू करने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा 35 लाख रुपये की लागत से रेलवे रोड के नव निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जा चुका है। 35 लाख रुपये की लागत से वार्ड नंबर सात की चार मुख्य सड़कों का निर्माण से पूर्व पुरानी टाइलों को उखाड़ना शुरू कर दिया है। वार्ड नंबर 13 से स्टेट हाईवे 148बी तक सड़क निर्माण पर 49 लाख रुपये का बजट तय कर काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। नगरपालिका की ओर से शहर की बदहाल सड़काें के पेंचवर्क के लिए 25 लाख रुपये का बजट तैयार कर काम शुरू किया जा चुका है।
-
वर्जन
नगरपालिका की ओर से शहर की सड़कों की दशा सुधारने के लिए तेजी से काम चल रहा है। नवंबर में सभी सड़कें दुरुस्त कर दी जाएंगी। शहर की छह मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। आगामी एक माह के अंदर सभी सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी।-रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़।