जिले में मंगलवार को 5 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 637 हो गई है। 18 कोरोना संक्रमित मरीजों को मंगलवार को डिस्चार्ज किया गया है। कुल 367 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना के 269 केस अभी भी एक्टिव हैं।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को बवाना गांव में दो, बेरी, निहालवास और महेंद्रगढ़ में एक-एक मरीज आए हैं। मरीजों की स्क्रीनिंग की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को छह मोबाइल टीमों ने 319 लोगों की स्क्रीनिंग की है। जिले में 21 जुलाई तक 79218 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। 46286 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 12053 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 594 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
नांगल चौधरी में मंगलवार को कोई नया केस नहीं
नांगल चौधरी। नांगल चौधरी क्षेत्र में मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव का कोई केस नहीं आया। हालांकि सैंपल लेने की प्रक्रिया चलती रही। मेडिकल की टीम ने मांदी गांव के पास नेशनल हाईवे पर काम कर रहे मजदूरों में से आठ के सैंपल लिए हैं। गांव ढाणी बाठोठा में 10 और 28 सैंपल लिए गए हैं। एसएमओ डॉ. अरूण कालरा ने बताया कि जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार को नहीं आई है। टीमें लगातार क्षेत्र में नजर रखे हुए हैं। उन्होंने सभी दुकानदारों को जिला प्रशासन के निर्देशानुसार एक रजिस्टर लगाने की हिदायत दी हैं। जिसमें आने वाले ग्राहकों के फोन नम्बर, उनका पता व नाम लिखना अनिवार्य है।
बाछौद पीएचसी में डिलिवरी और कोरोना सैंपल लेने का कार्य शुरू
मंडी अटेली। बाछौद प्राथमिक अस्पताल में डिलिवरी व कोरोना सैंपल लेने शुरू कर दिये हैं। बाछौद पीएचसी के अंतर्गत 25 गांव लगते हैं। बाछौद पीएचसी के प्रभारी डॉ. आदित्य यादव ने बताया कि क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों की डिलिवरी अटेली या नारनौल अस्पताल में होती थी। लेकिन, कोरोना के चलते अस्पतालों पर दबाब कम करने तथा सोशल डिस्टेंस व मरीजों की कम भीड़ हो इसके लिए केंद्र पर डिलिवरी व कोरोना के सैंपल लेने शुरू कर दिया गया है। बाछौद पीएचसी में अभी तक नौ डिलिवरी केस हो चुकी है। इसके अलावा केंद्र के लगने वाले गांवों में कोरोना के केस आने पर उसके संपर्क में आने लोगों की सैपलिंग भी होने लगी है।
एसडीएम समेत 212 का सैंपल लिया
नागरिक अस्पताल नारनौल के कोविड-19 के प्रभारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को 212 कोरोना वायरस के सैंपल लिए गए। इसमें नारनौल के एसडीएम समेत अन्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल में 33, मोबाइल टीम ने 25, अटेली में 19, पीएचसी सीहमा में 13, दोचाना में 20, महेंद्रगढ़ में 14, नांगल चौधरी में मोबाइल टीम ने 15 और सीएचसी में 26, कनीना में 18, सतनाली में 17 व नांगल सिरोही में 12 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।