महेंद्रगढ़। जीवित कछुआ बेचने के नाम पर जेरपुर निवासी राजेंद्र से 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात ये है कि 75 लाख के कछुए की 6.50 रुपये में सौदा हुई और बाद में आरोपी कछुआ देने के बहाने 5 लाख रुपये लेकर भाग गए। राजेंद्र के बेटे राहुल की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 जुलाई को उनकी दुकान पर दो युवक आए थे। उन्होंने उसके पिता राजेंद्र को एक नर कछुआ 75 लाख रुपये में बिकने की बात कहकर भरोसे में लिया। इसके बाद एक युवक ने एक महिला के माध्यम से कछुआ दिलाने की बात कही और 8 लाख रुपये में सौदा करने का प्रस्ताव रखा। बातचीत के बाद सौदा 6.50 लाख रुपये में तय हुआ।
राहुल के अनुसार, 30 जुलाई की सुबह आरोपियों ने राजेंद्र को सेहलंग रोड पर बुलाया। वहां एक महिला दो युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंची। राजेंद्र ने उसे 5 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी कछुआ लेकर सेहलंग की ओर चले गए।
इसके बाद राजेंद्र एक अन्य व्यक्ति के साथ सिसोठ रोड पर गए जहां कथित तौर पर कछुए को 75 लाख रुपये में बेचने की बात कही गई थी। सिसोठ के पास एक क्रेटा गाड़ी पहुंची जिसमें चार लोग सवार थे। आरोप है कि उनके साथ मौजूद व्यक्ति भी कछुआ लेकर गाड़ी में बैठे लोगों के साथ फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिसोठ स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास क्रेटा सवार लोगों ने मोटरसाइकिल सवार से थैला छीन लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को राहुल ने शिकायत दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।