फोटो नंबर-03आदर्श नगर में कॉलेज की चारदीवारी के अंदर ट्रांसफार्मर पास लगी आग। संवाद
नारनौल। आदर्श नगर में मंगलवार रात करीब 11 बजे आग लग गई। राजकीय महाविद्यालय की चारदीवारी के अंदर स्थापित ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण आसपास सूखी घास और झाड़ियों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते जब आग फैलने लगी तो कॉलोनी के लोगों ने तुंरत बिजली विभाग को फोन कर बिजली बंद करवाई।
इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, परन्तु आग पर काबू नहीं पा सके। आग की लपटें देखकर कॉलोनीवासियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारण वहां तारों में नुकसान हुआ जिससे काफी देर तक कालोनी की बिजली भी प्रभावित रही। राजकीय महाविद्यालय में जिस तरफ आग लगी वहां नजदीक बीएड कालेज का भवन है।
गनीमत यही रही की आग पर समय रहते काबू पा लिया अन्यथा बिजली के ट्रांसफार्मर के साथ-साथ पेड़ पौधों और भवनों को भी इस आग से नुकसान हो सकता था।