दुकान में लगी आग से जला सामान। संवाद
- फोटो : Narnol
नारनौल। निजामपुर में वीरवार की रात करीब 12 बजे एक दुकान में आग गई। आग की चपेट में आने से दो अन्य दुुकान व एक रेस्टोरेंट का सामान भी जल गया। दमकल की दो गाड़ियों ने रात में तीन घंटे में आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार निजामपुर में कंटेनर में सगे भाई राजेंद्र ने हार्डवेयर और कमल ने किराना की दुकान कर रखी है। वीरवार की रात दुकान में कमल सोया हुआ था कि रात करीब साढ़े 11 बजे कंटेनर में पीछे से आग लग गई। इस पर पीड़ित कंटेनर से बाहर आया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आए और आग को काबू करने का प्रयास किया। लेकिन, परचून की दुकान होने के कारण आग तेजी से बढ़ती चली गई और पास के भगवती हार्डवेयर की दुकान को भी पकड़ लिया। आग की चपेट में आने से पास एक रजाई-गद्दा की दुकान और एक रेस्टोरेंट का सामान भी जल गया। आग पर काबू पाने के लिए लोगों ने दमकल केंद्र को सूचना देने के साथ चार टैंकरों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया।
पीड़ित कमल ने बताया चोरी के डर के कारण दो भाइयों में से एक दुकान में ही सोता है। रात में आग लगने पर नींद खुलने से जान बची। उन्होंने बताया कि कंटेनर के पीछे हवा आने के लिए लोहे की जाली लगी है। इसके अलावा कैंटर का मुख्य गेट है। आग से दोनों भाइयों का लाखों रुपये का सामान जल गया। यह क्षेत्र की बड़ी दुकान होने से लोग यहां से थोक में भी सामान ले जाते थे। वीरवार को भी ट्रक से परचून का सामान आया था। दुकान पर तीन नौकर और छह सीसीटीवी कैमरे लगे थे। आग से सीसीटीवी का डीवीआर जल गया। सूचना मिलते ही एसएचओ नांगल चौधरी मेहर सिंह व निजामपुर चौकी प्रभारी रामेश्वर पहुंचे। जिला फायर अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि वीरवार की रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों को पता नहीं चल सका है। लोहे के कंटेनर होने से आग पर काबू पान में मशक्कत करनी पड़ी।
---
पुलिस को दी शिकायत
राजेंद्र व कमल ने आग लगने की शिकायत पुलिस को दी है। राजेंद्र ने बताया कि आग से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दौरान शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। ऐसे में दोनों दुकानों में काफी सामान रखा हुआ था। दोनों पर अज्ञात पर आग लगाने का शक जताया है। बता दें कि नारनौल से निजामपुर व नांगल चौधरी में दमकल की गाड़ियां जाती है। ऐसे में मौके पर तुरंत गाड़ी न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों ने स्थानीय स्तर पर भी दमकल गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग की है।