शहर के फ्लाईओवर के पास स्थित एक निजी लाइब्रेरी में रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से लाइब्रेरी में रखा हुआ सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर दमकल की दो गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लाइब्रेरी संचालक ने आग के लिए बिजली निगम, दमकल विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में शिकायत भी दी है।
सरताज जनसेवा ग्रुप के पीआरओ कुलदीप यादव दादरी रोड पर फ्लाईओवर के पास एक निजी लाइब्रेरी चलाते हैं। यह लाइब्रेरी डिजिटल है। जिसमें किताबों के साथ-साथ कंप्यूटर से बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। कुलदीप यादव ने बताया कि रविवार के चलते लाइब्रेरी बंद थी। सुबह साढ़े दस बजे आसपास के लोगों ने लाइब्रेरी से धुआं निकलते देखा। पड़ोसियों ने धुआं देखकर इसकी सूचना उनको दी। दमकल केंद्र में भी फोन कर दिया गया। कुलदीप ने आरोप लगाया कि सूचना देने के 30 मिनट तक दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंची। जिसके कारण आग ने भयानक रूप ले लिया। देरी के कारण आग फैलती गई । दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया, मगर तब तक आग चारों तरफ फैल गई थी। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। कुलदीप यादव ने दावा किया कि आग लगने के कारण उन्हें भारी नुकसान हुुआ है। आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी में आग लगने से सर्वर, एक डेटा रैक, दस डाटा स्वीच, कंप्यूटर, कुर्सियां, डेटा वायरिंग, फर्नीचर के बने केबिन, 12 एयर कंडिश्नर, कैमरा, लाइटिंग, पंखे, एलसीडी के अलावा टफन ग्लास फर्नीचर पूरी तरह से जल गया।