सतनाली चौक के पास बालाजी सीट वर्कर्स में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से दुकान में रखा कीमती सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक सतपाल चोटीवाला ने बताया कि मंगलवार शाम वह रोजाना की तरह दुकान को ठीक से बंद कर घर चला गया था। करीब 8 बजे उसके पड़ोसियों ने फोन पर जानकारी दी कि दुकान में आग लगी है।
सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा तो उस समय दुकान में आग लगी थी। तब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई और करीब पौने घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने बताया कि उसके प्रतिष्ठान में बिजली का कनेक्शन नहीं है और उसके ऊपर से भी बिजली की कोई तार नहीं गुजर रही है। ऐसी स्थिति में उसके खोखे में आग कैसे लगी समझ पाना कठिन है। प्रभावित दुकान मालिक ने इस घटना के पीछे किसी की शरारत को जिम्मेदार ठहराया है। उसने बताया कि इस दुर्घटना में उसको करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की वजह से खोखे में रखे सोफा सेट, सीट्स कवर, रबड़ फोम आदि सब जल गए। प्रभावित दुकान मालिक ने प्रशासन से उसके आर्थिक नुकसान की भरपाई करने की गुहार लगाई है।