महेंद्रगढ़। दीपावली पर्व पर होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए दमकल विभाग ने आगामी आदेशों तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां एवं रेस्ट को रद्द कर दिया गया है। जिले का कोई भी नागरिक आगजनी की घटना होने पर 112 पर कॉल कर दमकल विभाग की सेवाएं ले सकता है। वहीं दमकल विभाग की ओर से क्षेत्र में किसी भी प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए तैयारी पूरी कर ली है।
महेंद्रगढ़ मोदाश्रम के नजदीक स्थित दमकल विभाग के पास तीन गाड़ियां, एक फायर बाइक के साथ-साथ दमकल अधिकारी सहित 23 कर्मचारी तैनात हैं। वहीं विभाग की ओर से एक गाड़ी की तैनाती शहर थाना में की गई है जो किसी भी आपात स्थिति के से निपटने के लिए 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेगी। तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे के लिए एक गाड़ी पर छह कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। शहर की भीड़भाड़ वाली गलियों के लिए फायर बाइक तैयार रहेगी। दीपावली पर्व की शुरूआत धनतेसर के साथ हो जाती है। ऐसे में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में पशुचारे व कच्छे छप्परों में इस दौरान आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं।
वहीं इसी वर्ष शुरू किए गए गांव चेलावास के दमकल केंद्र पर एक गाड़ी व छह कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। महेंद्रगढ़ खंड 85 व सतनाली खंड के 25 तथा कनीना खंड में 52 गांवों में किसी भी आगजनी की घटना पर काबू पाने के लिए दो दमकल केंद्रों पर चार गाड़ियां व 29 कर्मचारी ही हैं। ऐसे में कर्मचारियों की कमी के चलते विभाग की परेशानियां बढ़ सकती हैं।
विभाग के आदेशानुसार सभी कर्मचारियों की छुट्टियां व रेस्ट रद्द कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। कहां भी आगजनी की घटना होने पर 112 पर कॉल कर सूचना दे सकते हैं। त्योहारी सीजन पर सभी सावधानी बरतें। विभाग की ओर से एक गाड़ी की तैनाती शहर थाना महेंद्रगढ़ में कर दी गई है। उनके पास किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन एवं तैयारी है।
-विकास कुमार, उप दमकल केंद्र अधिकारी, महेंद्रगढ़।