फोटो नंबर- 20गांव कमानिया की पंचायती जमीन में रखी कड़बी में लगी आग।
नांगल चौधरी। गांव कमानिया में धोलेड़ा रोड स्थित पंचायती जमीन पर रखी करीब 50 एकड़ में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कड़बी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन कड़बी अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हुए थे।
धोलेड़ा रोड पर गांव कमानिया की पंचायती जमीन पर किसानों ने अपनी कड़बी एकत्रित कर रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि कुम्हार, ब्राह्मण, नायक, खाती सहित विभिन्न परिवारों की कड़बी के साथ कुछ जमींदारों की कड़बी भी मौके पर रखी हुई थी।
शेरसिंह दाताराम, गजेश महादाराम, बिट्टू लालचंद, मलखान ताराचंद, राधू किशोरी, राजेंद्र रामोतार, रविंदर निहाल, मिंटू मनोहर, जयप्रकाश तुलाराम और कैलाश रामचंद्र सहित अन्य कई लोगो की कड़बी जल कर रख हो गई। इससे अब पशु चारे का भी संकट पैदा हो गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
वहीं आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन दमकल विभाग की कार्रवाई पूरी होने और प्रशासनिक अधिकारियों के मौका निरीक्षण के बाद ही सामने आ सकेगा। घटना के बाद प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का जायजा लेकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।