फोटो नंबर-06छात्राओं को सम्मानित करते हरियाणा अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ के सद
नारनौल। मालवीय नगर स्थित अंबेडकर भवन में हरियाणा अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से जिलास्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं दीपिका (भिवानी) और दीपिका मेघवाल (रेवाड़ी) को सम्मानित किया गया।
संघ की ओर से दोनों छात्राओं को 11-11 हजार रुपये की सम्मान राशि, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, शॉल, पटका एवं फूल मालाएं भेंट की गईं। साथ ही उनके अभिभावकों को भी शॉल और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रधान राजपाल गोरा ने की, जबकि मंच संचालन महासचिव रामकिशन मरोड़िया ने किया।
संघ के प्रेस सचिव जयसिंह नारनौलिया ने बताया कि विभिन्न वक्ताओं ने छात्राओं की सफलता को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष सामरिया, प्रो. सुभाष जौली, जयनारायण दुग्गल, प्राचार्य सुनील गोरा, सतीश चंदपुरा सहित अनेक वक्ताओं ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान भानुप्रिया, मोनिका, खुशबू और गरिमा ने बाबा साहेब पर आधारित गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे सैंकड़ों नागरिक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।