नारनौल। शहर में आवारा कुत्तों से आमजन को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसके तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में फीडिंग प्लेस स्थापित होंगे। वहीं, रघुनाथपुरा में एक बड़ा शेल्टर होम तैयार किया जाएगा।
इन फीडिंग सेंटरों पर वार्डों के लोग आवारा कुत्तों के लिए रोटियां, बिस्कुट व अन्य खाद्य सामग्री डाल सकेंगे। इससे कुत्ते एक ही निर्धारित स्थान पर एकत्र होंगे, जिससे उनकी गणना, पकड़ने और टीकाकरण की प्रक्रिया सरल हो सकेगी।
नगर परिषद की ओर से वार्डों में फीडिंग प्लेस के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को लेकर जल्द ही पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी वार्डों की स्थिति पर चर्चा कर स्थानों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नगर परिषद रघुनाथपुरा क्षेत्र में नंदी गोशाला के समीप एक बड़ा शेल्टर होम तैयार किया जाएगा। इस शेल्टर होम में शहर के सभी वार्डों से पकड़े गए आवारा कुत्तों को रखा जाएगा।
साथ ही, स्थान चिह्नित होने के बाद नगर परिषद द्वारा आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। नगर परिषद द्वारा आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रतिदिन 10 से 15 लोगों को काट रहे कुत्ते
नागरिक अस्पताल में कुत्तों के काटने के प्रतिदिन 10 से 15 मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं। अस्पताल में कुत्तों के काटने पर लगाए जाने वाले एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में हैं। अस्पताल में कुत्तों के अलावा बंदर, बिल्ली के काटने के भी मरीज आ रहे हैं। शहर व ग्रामीण क्षेत्र में गली नुक्कड़ पर झुंड बनाकर कुत्ते बैठे रहते हैं जो राहगीरों पर हमला करते रहते हैं।
बाक्स-
शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बहुत अधिक है और लोग इससे हादसों का भी शिकार हो रहे हैं। नप को इन्हें पकड़ने के लिए कोई ठोस अभियान चलाना चाहिए। -राकेश कौशिक, मोहल्ला नई जमालपुर कॉलोनी
बाक्स-
शहर के हर मोहल्लों बढ़ती कुत्तों की संख्या आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी है। रात के समय तो इनसे और भी परेशानी बढ़ जाती है। वहीं कुत्तों की बढ़ती संख्या हादसों का भी कारण बन रही है। -सोमदेव, व्यापारी काठमंडी
बाक्स-
वार्डों में बनाए जाने वाले फीडिंग प्लेस के लिए पार्षद पूरी नप की मदद करेगें। आमजन भी इसमें वार्ड में निश्चित स्थान पर कुत्तों के लिए खाने का सामान डाले। -संजीव यादव, पार्षद वार्ड पांच व उपप्रधान नगर परिषद
वर्जन-
शहर वासियों को आवारा कुत्तों से निजात दिलाने के लिए जल्द ही वार्ड फीडिंग प्लेस बनाए जाएगें। इसके अलावा रघुनाथपुरा में नंदी गोशाला पहले एक शेल्टर होम तैयार किया जाएगा। जहां कुत्तों को रखने के साथ-साथ उनका टीकाकरण भी किया जाएगा।-सत्येंद्र सिंह, सफाई निरीक्षक नगर परिषद, नारनौल