नारनौल। साइबर ठगों ने महज दो रुपये की फीस के बहाने अटेली के राजकीय महिला महाविद्यालय के प्रोफेसर विजयपाल के बैंक खाते से 3.76 लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजयपाल ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर को उन्हें एक किताब की स्पेसिमेन कॉपी की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने गूगल पर एक बुक डिपो का मोबाइल नंबर खोजा और उस पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक एपीके एप्लिकेशन भेजकर फॉर्म भरने के लिए कहा।
फॉर्म भरने में परेशानी होने पर ठगों ने वीडियो कॉल की और स्क्रीन शेयर करने को कहा। स्क्रीन शेयर होते ही उन्होंने विजयपाल से बैंक खाते समेत निजी जानकारी फॉर्म में भरवा ली। इसके बाद पंजीकरण शुल्क के नाम पर सिर्फ दो रुपये मांगे गए। विजयपाल ने यह राशि योनो एसबीआई एप से भेज दी।
करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने मोबाइल देखा तो बैंक खाते से 3,76,280 रुपये गायब थे। ठगी का पता चलते ही उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।