नारनौल। जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे जिन किसानों ने गलती से सरेंडर के लिंक पर क्लिक कर दिया था, वह अब दोबारा से योजना का लाभ ले सकते हैं। पीएम किसान की वेबसाइट पर सम्मान निधि को दोबारा चालू करने का विकल्प दे दिया गया है।
इसके लिए किसान को कृषि विभाग के कार्यालय में जाना होगा। इसके लिए किसान को यह जरूर ध्यान रखना होगा कि यदि एक बार गलत आवेदन कर दिया तो उसे दोबारा मौका नहीं मिलेगा। ऐसे में किसान कृषि विभाग कार्यालय में सही तरीके से आवेदन करें। जिले में अब तक 214 किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सरेंडर किया है। इनमें से कुछ किसान ऐसे भी हैं जो पात्र थे और गलती से सरेंडर के लिंक पर क्लिक कर दिया।
ज्यादातर मामले स्टेटस देखते समय पीएम किसान की वेबसाइट पर सम्मान निधि सरेंडर करने के लिए उपलब्ध लिंक पर क्लिक करने के कारण हुआ है। यह लिंक उन लोगों के लिए दिया गया था, जो नौकरी पाने या इनकम टैक्स भुगतान की श्रेणी में आने की वजह से सम्मान निधि की किस्त सरेंडर करना चाहते थे, लेकिन कुछ ऐसे किसानों ने भी सरेंडर कर दिया जो पात्र थे। इस परेशानी को लेकर लंबे समय से किसान कृषि विभाग के कार्यालय में चक्कर काट रहे थे, लेकिन दोबारा शुरू करने का कोई विकल्प नहीं था। अब सम्मान निधि को दोबारा शुरू करने का विकल्प दे दिया गया है।
इंसेट
46 हजार किसान योजना से अब तक हो चुके बाहर
जिले के किसान अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19 किस्त ले चुके हैं, लेकिन हर वर्ष किस्त लेने वाले किसानों की संख्या कम होती जा रही है। जिले में पहली किस्त 109215 किसानों को मिली थी। इसके बाद प्रत्येक किस्त में लाभार्थियों की संख्या कम होती चली गई। अभी 19वीं किस्त का लाभ 63922 किसानों को ही मिला है। ऐसे में पहली किस्त और 19वीं किस्त तक 45922 किसान इस योजना से बाहर हो चुके हैं। इनमें ऐसे किसान है जो पात्रता की शर्तों को पूरा नहीं कर रहे थे।
इंसेट
जिले में अब तक मिले किस्त पर एक नजर :
किस्त कितने किसानों को मिली किस्त
पहली 109215
दूसरी 108251
तीसरी 107003
चौथी 105140
पांचवीं 103406
छठी 102616
सातवीं 101289
आठवीं 100469
नौवीं 99089
दसवीं 98072
11वीं 95928
12वीं 92973
13वीं 92501
14वीं 90792
15वीं 85808
16वीं 84276
17वीं 78100
18वीं 74889
19वीं 63922
वर्जन:
जिले में 214 किसानों ने अब तक किसान सम्मान निधि सरेंडर की है। इनमें से कुछ किसान ऐसे भी है जिन्होंने गलती से सरेंडर के लिंक पर क्लिक कर दिया था। वह अब दोबारा से इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए किसान को कृषि विभाग के कार्यालय में आना होगा ताकि सम्मान निधि योजना का लाभ दोबारा से ले सके।-डॉ. रविन्द्र कुमार यादव, सहायक नोडल अधिकारी, पीएम किसान योजना।