नारनौल। पुरानी अनाज मंडी स्थित खाद केंद्र पर प्रबंधन की समस्या के कारण करीब 25 दिनों से खाद वितरण बंद है। समिति के चुनाव नहीं होने के कारण केंद्र को परिसमापन सूची में डाल दिया गया था। इससे खाद वितरण प्रभावित हुआ। हालांकि, बीते दिन परिसमापन के आदेश पर रोक लगा दी गई है लेकिन केंद्र पर अभी तक खाद का स्टॉक नहीं पहुंचा है।
सब्जियों और सरसों की बिजाई का समय नजदीक होने के कारण किसान डीएपी खाद के लिए केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। रोज 100 से अधिक किसान खाद की जानकारी लेने पहुंचते हैं लेकिन उन्हें खाद के बजाय अगली तारीख मिल रही है।
चार साल से नहीं हुए समिति के चुनाव
खाद केंद्र की समिति के चुनाव पिछले चार साल से नहीं हुए हैं। इसके चलते सहकारी समिति अधिकारियों के लिए केंद्र का संचालन चुनौती बना हुआ है। इसी कारण केंद्र को परिसमापन सूची में डाला गया था। अब रोक लगने के बाद जल्द खाद वितरण शुरू होने की उम्मीद है।
तीन कर्मचारी हटाए
परिसमापन के बाद केंद्र पर कार्यरत तीन दैनिक वेतनभोगियों को हटा दिया गया। अब केवल दो कर्मचारी ही कार्यरत हैं। खाद की आपूर्ति शुरू होने पर किसानों की भीड़ बढ़ने से स्टाफ की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
-
तीन सप्ताह से लगातार केंद्र पर आ रहा हूं लेकिन हर बार अगले सप्ताह से खाद के वितरण की बात कही जाती है। अभी तक खाद नहीं मिल पाया है।
-लालचंद, किसान, मोहल्ला दयानगर
-
सब्जियों व सरसों की बिजाई के दौरान हमेशा डीएपी की किल्लत रहती है लेकिन इस बार तो केंद्र पर खाद का वितरण ही नहीं किया जा रहा है।-
चेतराम, किसान, गांव कोजिंदा
-
केंद्र पर खाद लेने आया था, कर्मचारियों ने कहा है कि अगले सप्ताह से वितरण शुरू किया जा सकता है। बीते एक माह से वितरण नहीं होने के कारण अधिक संख्या में किसान पहुंचेंगे और आगामी खाद के लिए घंटो लाइन में लगना पड़ेगा।
-रतिराम, किसान, गांव मुकंदपुरा
वर्जन
परिसमापन के निर्देश पर फिलहाल रोक लगाई गई है, ताकि किसानों को सुचारू रूप से खाद वितरण किया जा सके। समिति चुनाव की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जल्द चुनाव करवाए जाएंगे। तीन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया गया है।
-नरेश कुमार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, नारनौल