नारनौल। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए बागवानी विभाग की ओर से जिला स्तरीय किसान सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। ये सेमिनार मंगलवार को गांव मंडलाना और बुधवार को गांव नानगवास में होंगे।
विज्ञापन
जिला बागवानी अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। सेमिनार में किसानों को बागवानी विभाग की योजनाओं, अनुदान और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी भी अपने विभागों की योजनाओं और सुविधाओं के बारे में बताएंगे।
उन्होंने बताया कि सेमिनार में विभिन्न कंपनियों की ओर से उन्नत खाद, बीज, दवाइयों, मिनी ड्रिप सिंचाई प्रणाली और आधुनिक कृषि यंत्रों की स्टॉल लगाई जाएंगी। कृषि विशेषज्ञ किसानों को इन तकनीकों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी देंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है।