सिहमा। खंड के गांव फैजाबाद में 23 फरवरी से चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 30 टीमों ने भाग लिया। आजमनगर, सिहार, बेवल व फैजाबाद टीम के बीच सेमीफाइनल हुआ था, जिसमें फाइनल में फैजाबाद व सिहार ने प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में सिहार ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। बैटिंग करने उतरी फैजाबाद की टीम ने 8 ओवर में पांच विकेट खोकर 104 रन बनाए।
वहीं, बाद में बैटिंग करने उतरी सिहार कि टीम 8 ओवर में 64 रनों पर ऑल आउट हो गई। फैजाबाद की टीम ने फाइनल मुकाबला 39 रनों से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द टूर्नामेंट रवि ने जीता। वही, विजेता खिलाड़ियों को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सोमेश यादव द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर ब्लॉक सिहमा सरपंच एसोसिएशन के उप प्रधान फैजाबाद के सरपंच प्रदीप ने बताया कि हार व जीत एक ही सिक्के के दो पहलु हैं। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि हारने वाले खिलाड़ियों को निराश नहीं होकर कमियों को दूर करना चाहिए व अगली बार ऐसी प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाकर लोहा मनवाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने खेलों के साथ शिक्षा में भी रुचि लेकर क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता बड़ी रोचक रही है व ग्रामीण युवाओं के लिए अविस्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण युवा प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है। इससे प्रेम एवं भाईचारे की भी बढ़ोतरी होती है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से दूर रहना चाहिए। इस मौके पर अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।