फोटो 06 लघु सचिवालय की दीवार जहां पर लगा था अग्नि शमन यंत्र। संवाद
नारनौल। लघु सचिवालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बाद प्रशासन ने अब कदम उठाना शुरू कर दिया है। परिसर में लगे अग्निशमन यंत्र मार्च माह में ही एक्सपायर हो चुके थे लेकिन कई महीनों तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। अब इन सभी यंत्रों को रिफिल कराने के लिए भेजा गया है।
लघु सचिवालय में रोजाना बड़ी संख्या में आम लोग, अधिकारी और कर्मचारी पहुंचते हैं। ऐसे में आग जैसी आपात स्थिति में सुरक्षा उपकरणों का सही हालत में होना बेहद जरूरी है। कुछ समय पहले परिसर में लगे अग्निशमन यंत्रों की जांच की गई थी, जिसमें इनके एक्सपायर होने की जानकारी सामने आई थी।
इस मामले को अमर उजाला में 26 जून के अंक में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और खराब हो चुके अग्निशमन यंत्रों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन्हें दोबारा उपयोग के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मई 2024 में लघु सचिवालय की चौथी मंजिल पर स्थित एनआईसी और आबकारी विभाग के कार्यालय में आग लग गई थी। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया था।
सूचना मिलने के बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। इस घटना में एनआईसी कार्यालय का काफी सामान जल गया था।
वर्जन:
सारे यंत्र मार्च में एक्सपायर हो चुके थे, ऐसे में उन सभी को रिफिल करवाने के बारे में लिखा गया था। दो से तीन दिन में सभी अग्निशमन यंत्र रिफिल होकर आ जाएंगे। जिसके बाद उन्हें वापस उनके स्थान पर लगाया जाएगा।-डॉ. मंगल सेन, नगराधीश, नारनौल