नारनौल। पूर्व में सरकार की ओर से केवल छात्राओं के लिए बस में फ्री यात्रा की सुविधा थी, लेकिन पिछले साल से प्रदेश सरकार ने छात्राें के लिए भी बस में मुफ्त यात्रा करने की सहूलियत दी है। इसके लिए छात्राें के लिए स्टूडेंट पास बनाए जा रहे हैं। इसे दिखाने के बाद छात्र रोडवेज व एसटीए परमिट की बसों में शिक्षण संस्थान तक फ्री में आ जा सकते हैं।
हालांकि रोडवेज की बसों में तो ये छात्र फ्री यात्रा का लाभ ले पा रहे हैं, लेकिन एसटीए परमिट वाली बसों के परिचालक पास दिखाने के बावजूद भी छात्रों से किराया वसूल रहे हैं। ऐसे में एसटीए परमिट वाली बसों के परिचालक सरकार के नियमों को ताक पर रखकर उनकी धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी को लेकर छात्र आए दिन डिपो में आकर अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें रख रहे हैं।
47 बसें हैं एसटीए परमिट की
रोडवेज से मिली जानकारी के अनुसार जिले में एसटीए परमिट की कुल 47 बसें हैं, जो अलग अलग रूटों पर चल रही हैं। इनमें से सबसे अधिक 30 बसें महेंद्रगढ़ रेवाड़ी रूट पर, 8 बसें नारनौल से दादरी, 3 बसें नारनौल से कनीना व 5 बसें सतनाली से तोशाम रूट पर चल रही हैं। इन सभी बसों का परमिट सचिव आरटीए द्वारा जारी किया जाता है। साथ ही सरकार की ओर से जो भी हिदायतें व नियम रोडवेज पर लागू हैं, वो इन बसों पर भी लागू हैं।
2024 में शुरू हुई थी योजना
पास शाखा इंचार्ज देवेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व में यह योजना स्कूल कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए ही लागू थी, लेकिन 5 जुलाई 2024 को प्रदेश सरकार की ओर से छात्रों के लिए भी 150 किलोमीटर तक यह योजना शुरू कर दी गई थी। इसके लागू होने के बाद से अब जिले में 8140 छात्रों के स्टूडेंट पास बनाए जा चुके हैं।
बॉक्स
कई बार लेट हो जाने पर एसटीए परमिट वाली बसों में आना पड़ता है। पास दिखाने के बावजूद भी परिचालक जबरन उनसे किराया वसूलते हैं।
करन, छात्र आईटीआई।
बॉक्स
हमारे रूट पर सुबह के समय अधिकतर एसटीए परमिट वाली ही बसें मिलती हैं। ऐसे में मजबूरन उसी में सफर कर आईटीआई पहुंचते हैं। पास दिखाने के बाद भी परिचालक उनसे किराया लेता है, जबकि रोडवेज में फ्री में आते व जाते हैं।
योगेश कुमार, छात्र आईटीआई।
वर्जन
छात्रों से किराया लेने का मामला उनके संज्ञान में नहीं था। अगर ऐसा है तो बस संचालकों को हिदायत दी जाएगी। इसके बावजूद भी छात्राें से किराया लिया जाता है तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-मनोज कुमार, सचिव, आरटीए।