नांगल चौधरी। नांगल चौधरी का नया बस स्टैंड करीब 5 माह पहले बन कर तैयार हो चुका है लेकिन अभी तक शुभारंभ नहीं होने से आमजन को सुविधा मिलनी शुरू नहीं हो पाई है।
नांगल चौधरी के अस्थायी बस स्टैंड पर सवारियों को रोड पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। इसके चलते दुर्घटनाएं होने का डर बना रहता है। साथ ही जाम भी लगा रहता है। विभागीय अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नए बस स्टैंड का अवलोकन भी किया जा चुका है लेकिन अब तक बस स्टैंड का शुभारंभ नहीं किया गया है।
एक करोड़ रुपये से भी अधिक खर्च होने और नया बस स्टैंड परिसर बनने के बाद भी नांगल चौधरी में अस्थायी बस स्टैंड से ही बसों का आवागमन हो रहा है। अभी यात्रियों को बिना अस्थायी बस स्टैंड पर ही बारिश व धूप में बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। बता दें कि नांगल चौधरी में बस स्टैंड निर्माण की घोषणा सबसे पहले 2003 में तत्कालीन सीएम ओमप्रकाश चौटाला ने की थी।
इसके बाद तीन बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में हुई। पांचवीं बार तत्कालीन सीएम मनोहरलाल खट्टर ने की थी। इसके बाद विभाग ने सिर्फ तीन गेज के बस स्टैंड को मंजूरी दी थी। जिसकी रजिस्ट्री सहित अन्य प्रक्रिया पूरी करने के बाद तत्कालीन सीएम मनोहरलाल खट्टर ने 13 नवंबर 2017 को नांगल चौधरी बस स्टैंड की आधारशिला रखी थी। लंबे समय बाद आखिरकार नया बस स्टैंड बन कर तैयार हो चुका है लेकिन शुरू नहीं होने के कारण आमजन निराश है।
इंसेट
डग्गामार वाहनों से लगता है जाम
नांगल चौधरी में बस स्टैंड शुरू नहीं होने के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। इसके चलते अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों के कारण कस्बे में जाम की स्थिति बनी रहती है। अवैध सवारी वाहन सारे दिन सड़कों के दोनों ओर वाहनों को खड़ा करके सवारियां भरते हैं। जिस कारण राहगीरों व दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है। बस स्टैंड के अभाव में नांगल चौधरी से विभिन्न जगहों पर जाने के लिए आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को रोजाना नई-नई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के अस्थायी बस अड्डे पर नारनौल, कोटपुतली, जयपुर, निजामपुर व बहरोड़ आदि स्थानों पर जाने वाले यात्री सुबह 5 बजे ही आकर खड़े हो जाते हैं।
वर्जन :
नांगल चौधरी बस स्टैंड के उद्घाटन के लिए उच्च विभाग को पत्र भेजा गया है। हालांकि 16 नवंबर को उद्घाटन किए जाने को लेकर अभी कोई निर्देश जारी नहीं हुए हैं।-देवदत्त, महाप्रबंधक, नारनौल।