फोटो नंबर- 06सरसों की आवक नहीं होने के कारण नारनौल स्थित नई अनाज मंडी में बंद दुकाने और खाली
नारनौल। जिले की मंडियों में 15 मार्च से सरसों की खरीद जारी है, लेकिन खरीद शुरू होने के 7 दिन बाद भी अभी तक किसान सरसों लेकर मंडी नहीं पहुंचे हैं।
बताया जाता है कि क्षेत्र में अभी सरसों की कटाई का कार्य किया जा रहा है। वहीं जिन किसानों ने सरसों निकलवा ली वह उन्हें सूखा रहे है, ताकि बेचते समय नमी की मात्रा अधिक नहीं रहे। गौरतलब है कि सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत तक निर्धारित की गई है। यदि अधिक रहती है तो खरीद नहीं की जाएगी। गत वर्ष भी सरसों में नमी की मात्रा ज्यादा रहने के कारण अनेक किसानों को फसल बेचने के लिए मंडी में तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ा था। संभावना है कि सोमवार से मंडियों में किसान आने शुरू हो जाएंगे। सरसों की आवक में भी तेजी देखने को मिलेगी।
वहीं वेयर हाउस मैनेजर रूबी हुड्डा का कहना है कि खरीद के लिए सभी प्रबंध कर लिए गए हैं। प्रयास है कि खरीद व उठान प्रक्रिया में तेजी रहे और खरीद कार्य सुचारू रूप से चले। इस वर्ष सरसों की खरीद के लिए करीब 5 लाख बारदाने का स्टॉक है। संवाद